



छत्तीसगढ़ मौसमवैज्ञानिक के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 19 मार्च से 21 मार्च के बीच रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा।
मौसम परिवर्तन का कारण
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके चलते प्रदेश में बादल छाए रहने और बारिश की स्थिति बनने की संभावना है।
सोमवार को रायपुर रहा सबसे गर्म
राजधानी रायपुर सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर 18.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।
रायपुर में तापमान 39 डिग्री के पार
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, रायपुर में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 4.7 डिग्री ज्यादा था।
बिलासपुर में दिन का तापमान 38 डिग्री से अधिक
बिलासपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 5.2 डिग्री अधिक रहा। गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.9 डिग्री ज्यादा था।
सरगुजा में सामान्य से अधिक तापमान
सरगुजा संभाग के जिलों में भी दिन के समय तापमान सामान्य से अधिक रहा, हालांकि तेज गर्मी से कुछ राहत मिली। अंबिकापुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा था। वहीं, रात में तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.6 डिग्री कम था।
जगदलपुर में भी तापमान सामान्य से अधिक
जगदलपुर में सोमवार को दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से अधिक रहा। अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.9 डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था।
अगले कुछ दिनों तक बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे प्रदेश के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है